डिलीवरी के 7 दिन बाद विवाहिता की मौत, मायके ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

  • 10h Ago 71 Views


मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव तारसी में डिलीवरी के करीब एक सप्ताह बाद एक विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला की मौत घर में गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।

जानकारी के अनुसार, तारसी निवासी मुकेश की शादी करीब पांच वर्ष पहले फरह क्षेत्र के नगला जौहरी निवासी नीतू से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं और करीब एक सप्ताह पहले नीतू ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने घर लौट आई थी।

ससुराल पक्ष का दावा है कि देर रात नीतू शौचालय जाने के लिए उठी थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह गिर पड़ी। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन पहले उसे निजी अस्पताल ले गए, फिर आगरा में उपचार कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मथुरा पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती थी और नीतू को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि मारपीट के कारण ही उसकी जान गई है और मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now