राया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  • 11h Ago 92 Views


मथुरा। थाना राया पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी रामू उर्फ राघवेन्द्र सिंह (50) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बरेली–जयपुर हाईवे स्थित बल्देव रोड फ्लाईओवर के नीचे से दबोचते हुए उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर की शाम ग्राम नगला हरी में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि रामू उर्फ राघवेन्द्र, नीटू और उनके अन्य साथी अवैध तमंचों के साथ पहुंचे तथा गाली-गलौज के बाद जानलेवा हमला कर दिया।

घटना के दौरान वादी के पिता बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर सीधे फायरिंग कर दी। एक गोली उनके दाहिने हाथ की हथेली को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली नाभि के ऊपर पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद थाना राया में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शुक्रवार रात करीब 8:35 बजे पुलिस टीम ने रामू उर्फ राघवेन्द्र सिंह को बल्देव रोड फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल रवि कुमार ने संयुक्त रूप से की। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now