मिशन शक्ति के तहत बलदेव में महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

  • 14h Ago 69 Views


मथुरा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना बलदेव पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी अथवा उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। इसके लिए 1090 महिला पावर लाइन पर शिकायत करने और आवश्यकता पड़ने पर थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।

पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now