भांजे का हाल जानकर लौट रहा मामा काल के गाल में समाया, मामी घायल

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 10h Ago 94 Views


मथुरा। पानी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, राया थाना क्षेत्र के कपूर गांव निवासी मनोज अपनी पत्नी पूजा के साथ घायल भांजे का हाल-चाल जानकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पानी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनोज और पूजा घायल हो गए।

परिजन घायल मनोज को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों बाबूलाल और देवराज ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही और बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि मनोज की हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस मांगी गई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने एंबुलेंस उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया।

परिजनों का कहना है कि समय पर बेहतर उपचार नहीं मिलने के कारण मनोज की मौत हो गई। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से लगाए गए आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now