एग्रीमेंट कराने के नाम पर किसान से धोखाधड़ी, जमीन का कराया बैनामा; दो चेक हुए बाउंस

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 10h Ago 93 Views


मथुरा। बरसाना थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरा से जमीन के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव निवासी किसान हरवीर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित किसान का आरोप है कि बीती 31 अगस्त को नामजद आरोपियों ने उसके अनपढ़ होने का फायदा उठाया। आरोप है कि आरोपियों ने जमीन का एग्रीमेंट कराने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए जमीन का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया।

पीड़ित के मुताबिक जमीन के बदले आरोपी पक्ष की ओर से तीन अलग-अलग बैंकों के चेक, कुल 17 लाख रुपये के दिए गए थे। किसान ने जब इन चेकों को बैंक में लगाया तो एक चेक क्लियर हो गया, जबकि दो चेक बाउंस हो गए।

इसके बाद जब किसान ने आरोपियों से चेक बाउंस होने के संबंध में बात की तो आरोप है कि वे उग्र हो गए और किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि दबंगों ने उसे जमीन के संबंध में दोबारा बात करने पर जान से मारने की धमकी दी है। मामले को लेकर किसान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now