गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल में भीषण आग, सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम से उठीं लपटें, मची अफरा-तफरी

  • 122d Ago 393 Views


गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पैसिफिक मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मॉल के सिनेमा हॉल में अचानक भीषण आग लग गई। आग सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे मॉल में धुआं भर गया और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि थाना लिंक रोड क्षेत्र स्थित पैसिफिक मॉल में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम और मूवी हॉल में आग तेजी से फैल रही थी। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन कोतवाली और साहिबाबाद से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। फायर विभाग की टीम ने मॉल के फायर फाइटिंग सिस्टम और होज पाइप की आठ लाइनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। साथ ही दमकल विभाग ने समय रहते आसपास की दुकानों और अन्य ऑडिटोरियम को आग की चपेट में आने से भी बचा लिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद मॉल में फैले धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पूरे अभियान में कुल 10 फायर टेंडर्स लगाए गए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now