यमुना एक्सप्रेसवे पर टला बड़ा हादसा, टायर फटने से पलटा छोटा हाथी, तीन कार सवार बाल-बाल बचे

  • 5 days ago
  • 201 views


मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में शुक्रवार शाम यमुना एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग घटनाओं से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और वाहन चालकों की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 6:45 बजे नोएडा से आगरा की ओर जा रहा छोटा हाथी वाहन माइलस्टोन 68.200 के पास अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पहली लेन में पलट गया। हादसे में वाहन चालक पंचम सिंह निवासी कृष्ण नगर, मथुरा सुरक्षित बच गया। सूचना मिलते ही पीआरवी 5837 और बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से वाहन हटाने का कार्य शुरू कराया।

इसी दौरान रात करीब 8:40 बजे पहले से पलटे वाहन को हटाते समय एक और हादसा होते-होते बच गया। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को तीसरी लेन की ओर डायवर्ट किया जा रहा था, तभी नोएडा की ओर से आ रही एक कार अचानक पहली लेन में पहुंच गई। सामने वाहन देखकर चालक ने कार को अचानक मोड़ा, जिससे पीछे आ रही दूसरी कार के चालक ने तेजी से ब्रेक लगाए।

ब्रेक लगाते ही दूसरी कार का अगला एक्सल टूट गया, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित कर लिया और कार पलटने से बच गई। कार में सवार डॉ. कुलदीप, उनकी पत्नी कीर्ति और पुत्री रिजवी सुरक्षित रहे। वहीं दूसरी कार में सवार भरतपुर निवासी ब्रजेश और उनके साथी भी सकुशल बताए गए हैं।

घटना की सूचना पर थाना पुलिस और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा दोनों वाहनों को सुरक्षित किनारे कराया। पुलिस के अनुसार मौके पर कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now