ब्रेकिंग न्यूज़ महोली: महोली में पुलिस ने छान मारा पूरा गांव, पूरे गांव में सर्च अभियान चलाकर 6 आरोपियों को लिया हिरासत में

  • 6h ago
  • 544 views


मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित महोली गांव में भंडारा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो गुटों के बीच करीब आधे घंटे तक खुलेआम ईंट-पत्थर चले और अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे पूरा गांव गोलियों की आवाज से दहल उठा। इस हिंसक झड़प में चार लोगों को गोली लगी है, जबकि महिला समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

घटना से 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। श्रद्धालु और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

बताया जा रहा है कि महोली गांव में चंद्रपाल पक्ष द्वारा परिक्रमार्थियों के लिए प्याऊ और सेवा शिविर लगाया गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश रखने वाले गुड्डी पार्षद पक्ष के लोग भी वहां केला और अन्य सामग्री बांटने पहुंच गए। जगह को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी व फायरिंग शुरू हो गई।

गोलीबारी में चंद्रपाल पक्ष के संजू के सीने में और रवि के पैर में गोली लगी, जबकि गुड्डी पक्ष के हरिओम के सिर में और सावित्री के हाथ में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल संजू और हरिओम को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही श्लोक कुमार, राजीव कुमार और अनिल कपरवान भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तीन थानों की पुलिस ने पूरे गांव में सर्च अभियान चलाकर 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि इस गोलीकांड की चिंगारी एक दिन पहले ही लग गई थी, जब भंडारे के दौरान दोनों पक्षों के युवकों में बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस अब वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। साथ ही इस मामले में पुलिस की किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now