रंगदारी नहीं दी तो घर में घुसकर हमला! मां की चेन और पत्नी का मंगलसूत्र...
- 3h ago
अधिक मास के पावन अवसर पर मथुरा में धार्मिक आयोजनों की धूम देखने को मिल रही है। इसी क्रम में गोवर्धन रोड स्थित एक स्थानीय होटल में बृजवासी सेवा समिति द्वारा दो दिवसीय तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भागवत वक्ता और भजन गायिका कीर्ति किशोरी की मधुर भजन संध्या ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके मंगल गायन पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते नजर आए।
विवाह महोत्सव के प्रथम दिन तुलसी जी के माता-पिता के रूप में समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोपाल और बबीता विसावर वालों ने परिवार सहित लग्न पत्रिका लेकर प्रवेश किया, जबकि वर पक्ष में शालिग्राम जी के माता-पिता के रूप में समिति कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल और पारुल अग्रवाल ने विधि-विधान से अगवानी की।
महिला सदस्यों द्वारा हल्दी और मेहंदी की रस्में संपन्न कराई गईं। वहीं दूसरे दिन ठाकुर शालिग्राम जी की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें मुंबई से आए बैंड कलाकारों ने अपनी मधुर धुनों से माहौल भक्तिमय बना दिया।
विशेष आकर्षण नाथद्वारा से मंगाई गई फूलों की भव्य पालकी रही, जिसमें हीरे, मोती, शंख और पुखराज के गहनों से सुसज्जित ठाकुर शालिग्राम जी विराजमान थे। बारात में शामिल श्रद्धालु नाचते-गाते जनमासे तक पहुंचे, जहां कन्या पक्ष द्वारा पुष्प वर्षा और जयमाला कार्यक्रम के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
संस्था के संस्थापक शशिभानु गर्ग, अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और मंत्री अनूप अग्रवाल ने बताया कि पूरे आयोजन को कर्नाटक शैली में विशेष रूप से सजाया गया था। वहीं नाथद्वारा के कारीगरों द्वारा पालकी और ठाकुर जी के लिए विशेष छप्पन भोग तैयार किया गया।
ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें
Breaking News और अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर