BSA कॉलेज में फिर बवाल! प्रबंध समिति की बैठक पर प्रशासन ने उठाए सवाल, दोनों पक्ष आमने-सामने

  • 7h ago
  • 115 views


मथुरा के बाबू शिवनाथ अग्रवाल कॉलेज में प्रबंध समिति और कॉलेज प्रशासन के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया। बुधवार को प्रबंध समिति ने कॉलेज परिसर की सीढ़ियों पर बैठक आयोजित की, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने इसे अवैध करार देते हुए गंभीर आपत्ति जताई।

दोनों पक्ष अब एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत करने की बात कह रहे हैं।

प्रबंध समिति के मंत्री धीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि बैठक की सूचना पहले ही कॉलेज प्राचार्य को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्राचार्य बैठक में शामिल नहीं हुए और कॉलेज परिसर में ताले लगा दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के विकास कार्यों को लेकर चर्चा करने के उद्देश्य से बैठक बुलाई गई थी, लेकिन प्रशासन ने सहयोग नहीं किया।

वहीं कॉलेज के प्राचार्य ललित मोहन शर्मा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें किसी भी बैठक की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि तथाकथित प्रबंध समिति पहले ही निरस्त हो चुकी है और समिति के लोगों ने पुलिस चौकी के पास बने गेट से अनधिकृत तरीके से कॉलेज परिसर में प्रवेश किया।

प्राचार्य ने यह भी कहा कि वर्तमान में कॉलेज में एलएलबी और बीएड समेत कई परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे समय कॉलेज परिसर में इस तरह की बैठक आयोजित करना गैरकानूनी है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से करने की बात कही है।

लगातार बढ़ते विवाद के चलते कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now