वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पैर छूकर मांगी माफी

  • 14 days ago
  • 360 views


वृंदावन के पवित्र परिक्रमा मार्ग पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर और श्रद्धालुओं के पैर छूकर अपनी गलती की माफी मांगता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान राजेश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी है और वृंदावन में मिठाई बनाने का काम करता है। वायरल वीडियो में उसकी हरकत सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी।

इस मामले में सीओ सदर पी.पी. सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिससे वह गिर गया और उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई की श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now