स्व. अतुल शोरावाला की स्मृति में लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों मरीजों ने लिया विशेषज्ञ उपचार का लाभ

  • 1 day ago
  • 185 views


मथुरा। समाजसेवा और मानव सेवा को सर्वोपरि मानते हुए स्वर्गीय श्री अतुल अग्रवाल शोरावाला की स्मृति में एक विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्री तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला समिति एवं प्रथम पहल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भरतपुर गेट स्थित अग्रवाल अतिथि भवन में आयोजित हुआ, जहां शहर के सैकड़ों मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श और जांच का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी नवलगिरी महाराज, प्रख्यात ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ पांडे, प्रथम पहल फाउंडेशन के संस्थापक सीए अमित अग्रवाल, अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, अग्रवाल सभा के कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक बंसल, श्री तिलकद्वार धर्मशाला समिति के अध्यक्ष हरिओम मांट वाले, मंत्री कृष्ण मुरारी नेता जी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा ठाकुरजी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस मेगा स्वास्थ्य शिविर की विशेषता यह रही कि इसमें शहर के कई प्रतिष्ठित और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिवाकर, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ पांडे, न्यूरो फिजिशियन डॉ. प्रिंस अग्रवाल तथा फेफड़ा एवं श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन अग्रवाल ने सुबह से शाम तक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया।

शिविर में बड़ी संख्या में गरीब, जरूरतमंद एवं बुजुर्ग मरीज पहुंचे, जिन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया। मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महंगे इलाज के दौर में इस तरह के शिविर समाज के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।

कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं संस्था से जुड़े पदाधिकारियों का श्री तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला समिति की ओर से शॉल ओढ़ाकर एवं ठाकुरजी की स्मृति छवि भेंट कर सम्मान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा धर्म है। प्रथम पहल फाउंडेशन और सहयोगी संस्थाओं द्वारा किया गया यह प्रयास न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now