परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 16h ago
मथुरा। ब्रज क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाली संस्था ब्रज कला चौपाल के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को डैंपियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। संगीत, नृत्य, भजन, कविता और नाट्य प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम ने कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के उप कमांडेंट चंद्रपाल सिंह, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, समाजसेवी दीपक शर्मा एवं भाजपा नेता राजेश सिंह पिंटू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत बाल कलाकार अर्जुन द्वारा मधुर गीतों की प्रस्तुति से हुई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद मंच पर एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कलाकार अंशिका शर्मा के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया, जबकि राम रतन सिंह की भावपूर्ण गायकी ने पूरे सभागार को भक्ति और संगीत के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत प्रत्येक प्रस्तुति को दर्शकों ने भरपूर सराहना दी और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ब्रज कला चौपाल की संस्थापिका नम्रता सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य मथुरा और ब्रज क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि युवा कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों से ब्रज कला चौपाल कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था के माध्यम से अनेक कलाकारों को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिला है।
सांस्कृतिक संध्या ने न केवल कलाकारों को मंच दिया, बल्कि ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों और सहयोगियों का सम्मान किया गया तथा ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर