गंगा दशहरा पर झाड़ी वाले हनुमान जी मंदिर में सजेगा भक्ति का महासंगम, 35वें वार्षिकोत्सव की तैयारियां तेज

  • 1 day ago
  • 8 views


नौहझील। भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र स्थित नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर विराजमान स्वयंभू श्री झाड़ी वाले हनुमान जी महाराज मंदिर में गंगा दशहरा के पावन पर्व पर 35वें वार्षिकोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा, पूर्णाहुति यज्ञ एवं विशाल प्रसाद भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न होगा।

मंदिर के संयोजक श्री श्री 108 महंत राम रतन दास जी महाराज के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा के साथ होगी। इसके बाद 17 जून 2026 (बुधवार) से 23 जून 2026 (मंगलवार) तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।

कथा का वाचन एवं दिव्य प्रवचन व्यास पीठ भाष्कर श्रद्धेय श्री कृष्ण चंद्र शास्त्री ठाकुर जी, श्रीधाम वृंदावन द्वारा किया जाएगा। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और सनातन धर्म के आध्यात्मिक संदेशों का रसपान कर सकेंगे।

23 जून को कथा का समापन होगा, जबकि 24 जून 2026 (बुधवार) को गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर पूर्णाहुति यज्ञ एवं विशाल प्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

शनिवार को मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं एवं छर्रा (अलीगढ़) से आए भक्तों ने स्वयंभू झाड़ी वाले हनुमान जी महाराज के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। श्रद्धालुओं का कहना था कि यहां सच्चे मन से आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होती है।

भक्तों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण, यज्ञ और भंडारे में भाग लेने की अपील की। मंदिर प्रशासन के अनुसार वार्षिकोत्सव को लेकर सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं और आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

धार्मिक वातावरण, भक्ति रस और श्रद्धालुओं की आस्था से सराबोर यह आयोजन एक बार फिर क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का केंद्र बनने जा रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now