परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल

  • 16h ago
  • 139 views


जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के रायपुर जिले से आए करीब दो दर्जन श्रद्धालु गिरिराज जी की परिक्रमा पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। श्रद्धालुओं से भरा छोटा हाथी टेंपो जब रिफाइनरी थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार श्रद्धालु सड़क पर दूर-दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दीवान सिंह नामक श्रद्धालु की मौत हो चुकी थी। वहीं तीन गंभीर घायलों को आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान हरिकिशन नामक श्रद्धालु ने भी दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज आगरा में चल रहा है। इसके अलावा 11 घायलों का उपचार मथुरा जिला अस्पताल में जारी है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ तथा डिप्टी सीएमओ डॉ. आलोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं हादसे में घायल श्रद्धालुओं के परिजनों और तीमारदारों ने बताया कि ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। उनका कहना है कि तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो में टक्कर मार दी। परिजनों का मानना है कि यदि ट्रेलर की गति नियंत्रित होती तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now