ब्रजवासियों की सेवा भावना को डीएम ने किया नमन, चौरासी कोस परिक्रमा में निभा रहे अहम भूमिका

  • 2 days ago
  • 134 views


मथुरा। अधिक मास के दौरान चल रही ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में देशभर से लाखों श्रद्धालु ब्रजधाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए प्रशासन जहां व्यापक व्यवस्थाएं कर रहा है, वहीं ब्रजवासी भी अपनी पारंपरिक सेवा भावना के साथ परिक्रमार्थियों की सेवा में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे ब्रजवासियों का विशेष आभार व्यक्त किया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि ब्रज की पहचान केवल उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से ही नहीं, बल्कि अतिथि सत्कार और सेवा भाव की गौरवशाली परंपरा से भी है। उन्होंने उन सभी समाजसेवियों, संस्थाओं और स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया जो परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविरों में ब्रजवासी पूरी श्रद्धा, समर्पण और निस्वार्थ भाव से यात्रियों की सेवा कर रहे हैं। भीषण गर्मी और लंबी पदयात्रा के दौरान यह सेवाएं श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही हैं।

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना ब्रज की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और आज भी यह परंपरा पूरी जीवंतता के साथ दिखाई देती है। यही सेवा भावना ब्रज की पहचान को देश-दुनिया में और मजबूत बनाती है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि परिक्रमा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद अनुभव मिले। इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और लगातार निगरानी भी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने ब्रजवासियों से इसी प्रकार श्रद्धालुओं की सेवा और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आप सभी की सहभागिता से ही ब्रज की महिमा और गौरव अक्षुण्ण बना हुआ है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now