वृंदावन में गौवंशों की जान खतरे में, कचरे और पॉलिथीन से बढ़ रहा मौत का खतरा

  • 17 days ago
  • 237 views


धर्मनगरी वृंदावन के चेतन विहार क्षेत्र में फैली गंदगी और खुले में पड़े कचरे के ढेर अब गोवंशों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। गलियों और खाली प्लॉटों में फेंके जा रहे घरेलू कचरे के बीच आवारा गायें भोजन की तलाश में पॉलिथीन, प्लास्टिक और सड़ा-गला कचरा खाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति न केवल गौवंशों की सेहत के लिए घातक है, बल्कि धार्मिक नगरी की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही है।

क्षेत्रवासियों और साधु-संतों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी संख्या में गोवंश गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम और जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। नियमित सफाई व्यवस्था के अभाव में क्षेत्र में कचरे के ढेर बढ़ते जा रहे हैं, जिससे दुर्गंध और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चेतन विहार में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, पर्याप्त डस्टबिन लगाए जाएं, खुले में कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई हो तथा गोवंशों को पॉलिथीन खाने से बचाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाए।

लोगों का कहना है कि एक ओर गौसेवा और गौसंरक्षण के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर गायें कचरे में भोजन तलाशने को मजबूर हैं। चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी और सामाजिक संगठन आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now