वीकेंड पर कैंची धाम में टैक्सी दोपहिया वाहनों की एंट्री बंद, भारी वाहनों पर 17 घंटे प्रतिबंध; ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू

  • 36 days ago
  • 239 views


पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल प्रशासन ने कैंची धाम क्षेत्र में नई यातायात व्यवस्था लागू की है। अब शनिवार और रविवार को कैंची धाम में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

यह फैसला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है, जो हर वीकेंड प्रभावी रहेगा।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य भारी वाहनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक 17 घंटे प्रतिबंध रहेगा।

पर्यटकों के लिए भी विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है—भीमताल मार्ग से आने वाले वाहनों को विकास भवन पार्किंग में और नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा, जहां से शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है, ताकि वीकेंड पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now