वृंदावन में प्रभु श्रीराम ने किया रावण का वध, आतिशबाजी के बीच धू-धू कर जला रावण का पुतला

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 1h Ago 65 Views


वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक रावण वध लीला श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। श्री वृंदावन रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को रंग जी के बड़े बगीचे मैदान में रावण वध का भव्य मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के जयकारों और शानदार आतिशबाजी के बीच रावण के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

राम और रावण के बीच हुए घनघोर युद्ध का मंचन देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। युद्ध के दौरान विभीषण की सलाह पर प्रभु श्रीराम ने रावण की नाभि पर बाण चलाया, जिसके साथ ही रावण का अंत हो गया। रावण वध होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

इसके बाद भव्य आतिशबाजी के बीच रावण के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया गया। इस ऐतिहासिक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्रीकांत शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम, समाजसेवी विजय कुमार रिणवा और सीओ संदीप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीओ संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार की देखरेख में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

रामलीला महोत्सव में रावण वध की लीला ने श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य और अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now