ट्रक की टक्कर के बाद आग का गोला बनी कार, सेकेंडों में बची दो जिंदगियां

  • 9 days ago
  • 544 views


मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में आगरा-मथुरा हाईवे पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद एक कार धू-धू कर जल उठी। गनीमत रही कि कार में सवार दो युवक समय रहते बाहर निकल आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

यह दर्दनाक हादसा फरह क्षेत्र के रैपुरा जाट गांव के पास ग्वालियर बायपास पर हुआ। जानकारी के अनुसार छिबरामऊ थाना क्षेत्र के कुंवरपुर बनवारी निवासी नीरेश अपने साथी पंकज के साथ कार से जयपुर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गई और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में चालक नीरेश घायल हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान कार का शीशा टूट गया, जिससे दोनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। यदि कुछ सेकेंड की भी देरी हो जाती तो दोनों युवक जिंदा जल सकते थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयावह थी कि पूरी कार चंद मिनटों में जलकर राख हो गई। बाद में फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

हादसे के चलते आगरा-मथुरा हाईवे पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now