स्वर्गीय महंत परमेश्वर दास आचार्य की 13वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, पांच विप्र जन हुए सम्मानित

  • 3 days ago
  • 159 views


मथुरा में सोमवार देर शाम सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान के प्रधान कार्यालय वाटी वाली कुंज पर संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय महंत परमेश्वर दास आचार्य की 13वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर संगोष्ठी, संगीतमय सुंदरकांड पाठ, वृक्षारोपण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पांच विप्र जनों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में आयोजित संगोष्ठी के दौरान संस्थान के अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा, समाजसेवी अनिल कौशिक, खेमचंद शर्मा, एडवोकेट घनश्याम हरियाणा, इंजीनियर राजेंद्र दत्त आचार्य सहित कई वक्ताओं ने स्वर्गीय महंत परमेश्वर दास आचार्य के जीवन और समाज सेवा के कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने विप्र समाज के साथ-साथ सभी वर्गों के लोगों के लिए समर्पित भाव से कार्य किया और समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया।

वक्ताओं ने बताया कि स्वर्गीय महंत परमेश्वर दास आचार्य ने रेड क्रॉस, सेंट जॉन, स्काउट सहित अनेक सामाजिक संगठनों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज के उत्थान और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान की स्थापना की। आज संस्था उनके बताए मार्ग पर चलते हुए अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा और सहयोगियों के नेतृत्व में समाज सेवा के विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय महंत परमेश्वर दास आचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विप्र समाज में विशेष योगदान देने वाले ब्रह्म भारती पत्रिका के संपादक इंजीनियर राजेंद्र दत्त आचार्य सहित पांच विप्र जनों को माला, पटका, दुशाला, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व कृष्ण गोपाल शर्मा के नेतृत्व में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जबकि जयेश आचार्य के तत्वावधान में पांच पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के सचिव नारायण प्रसाद शर्मा ने किया। इस अवसर पर विप्र समाज के गणमान्य नागरिक, संस्थान के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now