'मैं जिंदा हूं...' अंतिम संस्कार से पहले 'मृत' महिला में लौटी सांस, आगरा का मामला बना चर्चा का विषय

  • 1 day ago
  • 392 views


उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। बरेली के एक निजी अस्पताल में मृत घोषित की गई 65 वर्षीय महिला में अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान अचानक हरकत होने लगी। परिजनों का दावा है कि महिला ने अपने दामाद का हाथ पकड़कर कहा—"मैं जिंदा हूं।" इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


आगरा के एत्मादपुर (ट्रांस यमुना) क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय शीला देवी लंबे समय से बीमार थीं। इलाज के लिए उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, बुधवार तड़के अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद उनका शव एंबुलेंस से आगरा लाया गया।

घर पर अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान दामाद जैसे ही उनके पैर छूने के लिए झुके, महिला के शरीर में हरकत हुई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने दामाद का हाथ पकड़ लिया और कहा, "मैं जिंदा हूं। मुझे कहां लेकर जा रहे हो?" यह देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।

इसके बाद परिवार बिना देर किए महिला को आगरा के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा है। कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं, जबकि कई लोग अस्पताल की लापरवाही की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक अस्पताल या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now