परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 17h ago
मथुरा के थाना नोहझील क्षेत्र के राया-नोहझील मार्ग स्थित बाघर्रा गांव में गैस प्लांट से निकलने वाले कचरे को खुले में डाले जाने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शीतल कोल्ड स्टोर के पीछे संचालित गैस प्लांट का अवशिष्ट कचरा प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से गांव के समीप और उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास खुले स्थान पर डाला जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के आसपास और आबादी वाले क्षेत्र में कचरा डाले जाने से छात्र-छात्राओं, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध इतनी अधिक है कि लोगों का घरों में रहना, खाना-पीना और आराम करना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी कृष्ण कुमार, प्रेमराम और रामरुमाल ने बताया कि अड्डा बाघर्रा, अड्डा मल्हान, अड्डा जाटव, खूवा का नगला सहित कई गांवों के लोग इस समस्या से प्रभावित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कचरे के कारण बड़ी संख्या में मच्छर पैदा हो रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का दावा है कि कई ग्रामीण आंखों में संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में गंभीर बीमारी फैल सकती है।
शनिवार को दर्जनों ग्रामीण बरोठ चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत देकर गैस प्लांट के कचरे को आबादी और विद्यालय क्षेत्र के पास डलवाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
शिकायत देने वालों में सोनू निषाद, भोला, सत्येंद्र, रामरुमाल, महिपाल, अर्जुन, करतार, धर्मेंद्र, कन्हैया, गिरीश, पूरन सिंह, शिवराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर