परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 17h ago
मथुरा स्थित संस्कृति विश्वविद्यालय में हेड क्वार्टर एनसीसी ग्रुप अलीगढ़ के तत्वावधान में 11 यूपी बटालियन एनसीसी, मथुरा द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-39) का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। 24 मई से 2 जून तक चले इस 10 दिवसीय शिविर में कैडेट्स ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शिविर में कुल 572 कैडेट्स ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 418 कैडेट्स का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया। इनमें 362 कैडेट्स सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। शिविर कमांडेंट कर्नल विक्रांत त्यागी (एसएम) के निर्देशन में कैडेट्स का मूल्यांकन ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, लिखित परीक्षा, गार्ड ऑफ ऑनर, टेंट पिचिंग, निबंध लेखन, आत्मरक्षा प्रदर्शन, एथलेटिक्स और रस्साकशी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया गया।
शिविर की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि भीषण गर्मी और लू के बावजूद पूरे कैंप के दौरान हीट स्ट्रोक का एक भी मामला सामने नहीं आया। इसके लिए शिविर प्रशासन द्वारा किए गए विशेष प्रबंधों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने पंजाबी, राजस्थानी, हरियाणवी, पहाड़ी और दक्षिण भारतीय लोकनृत्यों के साथ देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में 'एकता और अनुशासन' की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
समापन समारोह में संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार वितरित किए और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय भविष्य में CATC-39 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को प्रवेश के दौरान शैक्षणिक शुल्क में विशेष रियायत देने पर विचार करेगा।
कार्यक्रम का समापन पारंपरिक 'बड़ा खाना' के साथ हुआ, जिसमें कैडेट्स और अधिकारियों ने एक साथ सहभागिता कर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर