'रोज बिजली काटते हो...' वृंदावन में आग बुझाने पहुंचे लाइनमैन को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 12 पर केस दर्ज

  • 9 days ago
  • 354 views


उत्तर प्रदेश के मथुरा (वृंदावन) से एक बेहद हैरान करने वाली और निंदनीय घटना सामने आई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में जहाँ बिजली कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं, वहीं वृंदावन के हरिदास नगर (अटल्ला चुंगी क्षेत्र) में एक संविदा लाइनमैन को भीड़ के गुस्से का शिकार होना पड़ा।

देर रात करीब 12:30 बजे 'पागल बाबा बिजलीघर' पर तैनात संविदा लाइनमैन धर्मेंद्र शर्मा को सूचना मिली कि अटल्ला चुंगी के पास एक बिजली के खंभे में भीषण आग लग गई है। लाइनमैन धर्मेंद्र अपने साथी राजू के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सबसे पहले बिजली की लाइन को बंद कर आग बुझाने का काम शुरू किया।

"रोज बिजली काटते हो..." कहकर किया हमला: आग बुझाने के दौरान ही वहाँ मौजूद 10 से 12 लोगों की भीड़ ने दोनों कर्मचारियों को घेर लिया। स्थानीय लोगों का गुस्सा बिजली कटौती को लेकर था। आरोप है कि 'कोयला वाली गली' के रहने वाले अंकुर नामक युवक और उसके साथियों ने लाइनमैन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब कर्मचारियों ने समझाने की कोशिश की, तो भीड़ ने उन पर बेल्ट, लात और घूंसों से हमला कर दिया।

हमलावरों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। दोनों कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और सीधे वृंदावन कोतवाली पहुंचे।

पुलिस की कार्रवाई: पीड़ित लाइनमैन धर्मेंद्र शर्मा की लिखित तहरीर (शिकायत) के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुर और 11 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वृंदावन थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now