राधापुरम विस्तार योजना में बदहाल सड़कें, गंदगी और अंधेरे से त्रस्त लोग; नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

  • 12 days ago
  • 221 views


मथुरा। नगर निगम के वार्ड संख्या-45 स्थित बिरला मंदिर के सामने राधापुरम विस्तार योजना के निवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, सफाई व्यवस्था बदहाल है और स्ट्रीट लाइटें खराब होने से रात में अंधेरा छाया रहता है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पर लगातार शिकायतों के बावजूद लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

निवासियों के अनुसार कॉलोनी में जगह-जगह बिजली के तार फैले हुए हैं और अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय आवागमन जोखिम भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि खराब सड़कें और अंधेरा किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं और नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। खुले में पड़े कचरे को गाय खाते हुए देखा जा सकता है, जो स्वच्छता के साथ-साथ पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कॉलोनी के पार्क में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और वहां नशाखोरी की घटनाएं होती हैं। इससे महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।

राधापुरम निवासी पंडित प्रवीन कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में विकास प्राधिकरण द्वारा कॉलोनी को नगर निगम के सुपुर्द किया जा चुका है। ऐसे में सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कॉलोनी की समस्याओं को लेकर नगर निगम के मंगलवार समाधान दिवस में कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके अलावा क्षेत्रीय पार्षद को भी बार-बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now