परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 17h ago
धार्मिक नगरी वृंदावन में जयपुर से आए एक कलाकार के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जयपुर निवासी कलाकार राहुल मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ ब्रज दर्शन और परिक्रमा के लिए वृंदावन पहुंचे थे, लेकिन यहां उनका महत्वपूर्ण सामान लेकर एक ई-रिक्शा चालक फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार राहुल मिश्रा और उनके साथी परिक्रमा पूरी करने के बाद प्रेम मंदिर के निकट स्थित सुखधाम गेस्ट हाउस में कमरा देखने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपना सामान ई-रिक्शा में ही रखा हुआ था। आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर ई-रिक्शा चालक बैग समेत फरार हो गया।
सबसे बड़ी बात यह है कि बैग में राहुल मिश्रा के दो बेहद महत्वपूर्ण शो-पात्र 'जोजो' और 'जॉनी' भी मौजूद थे, जिनके साथ वह देश के विभिन्न राज्यों में मंचीय प्रस्तुतियां दे चुके हैं। राहुल के अनुसार ये दोनों पात्र उनकी कला और आजीविका का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि वह इन पात्रों के साथ कई प्रतिष्ठित मंचों पर प्रदर्शन कर चुके हैं और संत प्रेमानंद महाराज के समक्ष भी अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
पीड़ित कलाकार का आरोप है कि घटना के बाद वह पूरी रात शिकायत दर्ज कराने के लिए वृंदावन कोतवाली, पुलिस चौकी और पर्यटन थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। इससे कलाकार और उसके सहयोगियों में निराशा और आक्रोश है।
भावुक राहुल मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "जोजो और जॉनी सिर्फ सामान नहीं, बल्कि मेरी पहचान और जीवन का आधार हैं। यदि किसी को इनके बारे में कोई जानकारी मिले तो कृपया मुझे वापस दिलाने में मदद करें।"
अब यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनता जा रहा है और कलाकार प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर