मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने रेलवे अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

  • 16 days ago
  • 240 views


मथुरा में आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026, जो 23 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित होगा, उसकी तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए और यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने के लिए ट्रेनों का प्लेटफॉर्म पर ठहराव समय भी बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी रेलवे स्टेशनों पर शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने मथुरा जंक्शन और गोवर्धन रेलवे स्टेशन को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों स्टेशनों को झालर लाइटों, तिरंगा लाइटिंग और भव्य सजावट से सजाया जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मथुरा जंक्शन और गोवर्धन रेलवे स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएं, जहां भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। सभी फुट ओवरब्रिजों की सुरक्षा जांच कराने और गोवर्धन फाटक को निर्धारित मानकों के अनुसार सीमित समय के लिए बंद रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जाम की समस्या न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करना होगा, उनके लिए अस्थायी कैंप स्थापित किए जाएं। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की लगातार उद्घोषणा हो तथा बिना किसी विशेष आवश्यकता के प्लेटफॉर्म में बदलाव न किया जाए। उन्होंने टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और स्टेशन परिसर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने के भी निर्देश दिए। दूषित, मिलावटी या एक्सपायरी सामान बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा डीएम ने निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर में प्रवेश और निकास की व्यवस्था व्यवस्थित हो, दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं तथा ऑटो, टेंपो और बसों के लिए पहले से रूट प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी अमरेश कुमार, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now