मुड़िया पूर्णिमा मेला: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 18 अस्थायी चिकित्सा शिविर, CHC में 50 बेड आरक्षित

  • 15 days ago
  • 182 views


गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 18 अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में 50 बेड भी आरक्षित किए गए हैं।

मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में 18 अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां डॉक्टरों की टीम, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाइयां और एंबुलेंस की सुविधा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी।

चिकित्सा शिविरों में बुखार, उल्टी, दस्त, चोट और हीट स्ट्रोक जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का तत्काल उपचार किया जाएगा। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में 50 बेड आरक्षित किए गए हैं।

सीएचसी प्रभारी डॉ. नेहा चौधरी ने बताया कि गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए अतिरिक्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और आवश्यक चिकित्सा उपकरण भी तैनात किए जाएंगे।

इसके अलावा 8 मोबाइल मेडिकल टीमें पूरे परिक्रमा मार्ग पर लगातार गश्त करेंगी। इन टीमों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और एंबुलेंस शामिल रहेंगी, जो जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएंगी।

स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now