मथुरा रिफाइनरी में आज होगा ब्लैकआउट सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल से परखी जाएगी आपातकालीन तैयारियां, कई विभाग रहेंगे शामिल

  • 7h Ago 98 Views


मथुरा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मथुरा रिफाइनरी परिसर में आज 22 नवंबर को शाम 6 बजे नागरिक सुरक्षा संगठन यानी सिविल डिफेंस की द्वितीय ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों की आपातकालीन तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा जाएगा।

नागरिक सुरक्षा गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत आयोजित इस पूर्व घोषित काल्पनिक मॉक ड्रिल को लेकर पिछले तीन दिनों से सिविल डिफेंस कार्यालय में वार्डन सेवा के पदाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा था।

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक कश्मीर सिंह ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नागरिक सुरक्षा संगठन की तैयारियों को मजबूत करना है।

वहीं, सहायक उप नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव के अनुसार, इस मॉक ड्रिल में मथुरा रिफाइनरी के साथ स्वास्थ्य विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), SDRF, अग्निशमन विभाग और पुलिस सहित कई विभाग शामिल होंगे। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियों का परीक्षण करेंगे। अभ्यास के दौरान सामने आने वाली कमियों और समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

यह पूरी मॉक ड्रिल जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा चंद्र प्रकाश सिंह के नेतृत्व में संपन्न होगी। कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा संगठन के मुख्य वार्डन राजीव अग्रवाल बृजवासी, डिप्टी चीफ वार्डन कल्यान दास अग्रवाल, डिवीजनल वार्डन भारत भूषण तिवारी सहित संगठन के कई पदाधिकारी और वार्डन शामिल होंगे।

इस अभ्यास के माध्यम से यह परखा जाएगा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में संबंधित विभाग कितनी तत्परता और आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दे सकते हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now