मथुरा में सड़क हादसा, परिवार की कार चार बार पलटी - एक ही परिवार के 5 घायल

  • 10 days ago
  • 258 views


आगरा-दिल्ली हाईवे पर मथुरा के छाता क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से ईको कार चार बार पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर थाना छाता क्षेत्र के गांव दौताना के पास सोमवार दोपहर की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात कैंटर ने ईको कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर चार बार पलटी खाकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार एक ही परिवार के दंपति समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टक्कर मारने के बाद कैंटर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, परिवार गोवर्धन से छाता स्थित वाटर पार्क जा रहा था। जैसे ही वाहन दौताना फ्लाईओवर के पास पहुंचा, पीछे से आए अनियंत्रित कैंटर ने टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now