मथुरा में अवैध गैस रिफिलिंग का बड़ा भंडाफोड़: 218 सिलेंडर, मैक्स पिकअप और उपकरण बरामद

  • 2 days ago
  • 414 views


मांट। मथुरा जनपद में अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की गैस चोरी के कारोबार का पर्दाफाश किया है। थाना जमुनापार क्षेत्र के मांट-पानीगांव रोड स्थित चौधरी मार्केट में छापेमारी के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से कमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग का खेल पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान 72 कमर्शियल और 146 घरेलू गैस सिलेंडरों सहित कुल 218 सिलेंडर बरामद किए गए।

मुखबिर की सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी मथुरा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, तहसीलदार मांट, थाना जमुनापार पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों से पंप मशीनों के जरिए चोरी-छिपे कमर्शियल गैस सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी।

छापेमारी के दौरान मौके पर जसवीर सिंह पुत्र इंद्र कुमार, निवासी कैलाश नगर वृंदावन मौजूद मिला। अधिकारियों के अनुसार वह पिछले करीब एक वर्ष से चौधरी मार्केट में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और भंडारण का कारोबार संचालित कर रहा था। आरोप है कि यहां से तैयार किए गए कमर्शियल सिलेंडर वृंदावन, राया, लक्ष्मीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किए जाते थे।

बरामदगी में 72 कमर्शियल गैस सिलेंडर मिले, जिनमें 4 भरे हुए और 68 खाली थे। इनमें भारत गैस और इंडेन गैस कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं। वहीं 146 घरेलू सिलेंडर भी बरामद हुए, जिनमें 77 भरे हुए और 69 खाली पाए गए।

इसके अलावा मौके से पांच गैस रिफिलिंग पंप, दो इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन, चार पाइप, एक जनरेटर, बड़ी संख्या में प्लास्टिक कैप और एक मैक्स पिकअप वाहन (UP 85 DT 1853) भी बरामद किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बरामद मैक्स पिकअप वाहन को थाना जमुनापार पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जबकि अन्य बरामद सामग्री और सिलेंडरों को सुरक्षित रखरखाव के लिए संबंधित गैस एजेंसी के जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस को कमर्शियल सिलेंडरों में भरकर बेचना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह एक गंभीर सुरक्षा खतरा भी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now