महोली गोलीकांड में बड़ा एक्शन: 9 उपद्रवी गिरफ्तार, अवैध हथियार और कारतूस बरामद

  • 15 days ago
  • 456 views


मथुरा के महोली गांव में परिक्रमा मार्ग पर हुई सनसनीखेज फायरिंग और पथराव की घटना के बाद हाईवे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध तमंचे, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और डंडे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में भी हलचल मची हुई है।

गौरतलब है कि गुरुवार को पार्षद राजवीर उर्फ गुड्डी और चंद्रपाल गुट के बीच भंडारा लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों में जमकर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस हिंसक संघर्ष में चार लोगों को गोली लगी थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया। लापरवाही पाए जाने पर हाईवे थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि पन्ना पोखर चौकी प्रभारी और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद थाना प्रभारी की जिम्मेदारी प्रशांत कपिल को सौंपी गई।

पुलिस ने देर रात दबिश देकर महोली गांव निवासी राजवीर, महेश, मनोज, पवन, केदार, लिल्लो, मोहन, महेश और राजू सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी के अनुसार फायरिंग से एक दिन पहले दोनों पक्षों में मोटरसाइकिल टकराने को लेकर विवाद हुआ था। यदि उस समय पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की होती तो इतना बड़ा गोलीकांड टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now