खेत से लौट रहे युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, 18 वर्षीय अंशुल यादव की दर्दनाक मौत

  • 3 days ago
  • 134 views


झांसी के मोठ तहसील क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जेरा में उस समय हुआ, जब युवक खेत में काम करने के बाद घर लौट रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार अंशुल यादव धान की रोपाई का कार्य पूरा कर खेत से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आकाशीय बिजली अंशुल के ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में अंशुल को उपचार के लिए मोठ ट्रामा सेंटर ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी अवनीश तिवारी ट्रामा सेंटर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने शासन की ओर से मिलने वाली हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अचानक हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now