केदारनाथ धाम में शुरू हुई आधुनिक स्वास्थ्य सेवा, BPCL अस्पताल का सीएम धामी ने किया लोकार्पण

  • 37 days ago
  • 230 views


उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा निर्मित आधुनिक अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।

करीब 3,583 मीटर की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कठिन मौसम, ऑक्सीजन की कमी और दुर्गम रास्तों के चलते यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आती रही हैं। ऐसे में धाम परिसर में ही अस्पताल शुरू होने से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि केदारनाथ आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन सुविधा और आपातकालीन सेवाएं पहले से तैनात की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनसे लाखों लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। साथ ही उन्होंने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में चल रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।

यह अस्पताल केवल तीर्थयात्रियों ही नहीं, बल्कि केदारनाथ घाटी के स्थानीय निवासियों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा, जिन्हें अब बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now