जिम में आने वाली युवती को लेकर खूनी बवाल! अखाड़े में पहलवान पर झोंकी गोलियां, आरोपी गिरफ्तार

  • 9 days ago
  • 360 views


मथुरा। ऐतिहासिक भूतेश्वर अखाड़े में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे एक युवती को लेकर चला आ रहा विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार शेरगढ़ क्षेत्र के सेही गांव निवासी दिनेश वशिष्ठ शुक्रवार रात करीब 9 बजे अपनी स्कॉर्पियो कार से भूतेश्वर अखाड़े पहुंचा। उस समय अखाड़े में पहलवान अभ्यास कर रहे थे। आरोप है कि दिनेश ने पहलवान करण को निशाना बनाते हुए अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे अखाड़े में भगदड़ मच गई और पहलवान जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तभी कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार और उपनिरीक्षक मुस्ताक मेहंदी मौके पर पहुंच गए। आरोपी के हाथ में लोडेड रिवॉल्वर थी और उसकी उंगली ट्रिगर पर थी, जिससे स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई थी।

बताया जा रहा है कि चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसके हाथ से रिवॉल्वर छीन ली। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

शहर कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा के अनुसार जांच में सामने आया है कि पिछले करीब चार महीने से एक युवती आरोपी दिनेश वशिष्ठ और पहलवान करण दोनों के संपर्क में थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश ने अखाड़े पहुंचकर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, 5 जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त हाईकोर्ट लिखी स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now