जिला अस्पताल के ब्लड बैंक का आकस्मिक निरीक्षण, अधिकारियों ने परखी व्यवस्थाएं

  • 5 days ago
  • 169 views


मथुरा में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए शनिवार को महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधाबल्लभ के नेतृत्व में किया गया।

करीब 45 मिनट तक चले निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं, रक्त की उपलब्धता और रिकॉर्ड की जांच की गई। निरीक्षण के बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार ने बताया कि ब्लड बैंक में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और वर्तमान में 58 यूनिट रक्त सुरक्षित रखा गया है।

इस अवसर पर जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज अग्रवाल और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रितु रंजन ने आमजन से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में दुर्घटनाओं और बीमारियों के मामलों में रक्त की आवश्यकता बढ़ जाती है, इसलिए लोगों को स्वेच्छा से आगे आना चाहिए।

अधिकारियों ने विशेष रूप से कॉलेज और स्कूल के युवाओं से रक्तदान अभियान में भाग लेने का आग्रह किया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान महिला जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल पुरवानी, डॉ. अमन कुमार, श्रीमती सुशीला शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now