जाम में फंसी रही जनता, रॉन्ग साइड से निकला विधायक का काफिला; उठे वीआईपी संस्कृति पर सवाल

  • 12 days ago
  • 394 views


वृंदावन। मथुरा-वृंदावन मार्ग पर मंगलवार रात वीआईपी संस्कृति का एक और उदाहरण देखने को मिला। पागल बाबा मंदिर के समीप स्थानीय लोग और श्रद्धालु घंटों तक भीषण जाम में फंसे रहे, जबकि भाजपा के मांट विधायक राजेश चौधरी का काफिला पुलिस की मौजूदगी में वनवे मार्ग का बैरियर खुलवाकर रॉन्ग साइड से निकाल दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ओर पुलिस प्रशासन आम नागरिकों को निर्धारित मार्गों का पालन करने और वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने के निर्देश दे रहा था, वहीं दूसरी ओर वीआईपी काफिले के लिए नियमों को दरकिनार कर विशेष व्यवस्था की गई। इससे जाम में फंसे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के आगमन की सूचना के चलते पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के बजाय वीडियो बनाने और व्यवस्थाओं का प्रदर्शन करने में अधिक व्यस्त दिखाई दिए। इस दौरान आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीआईपी संस्कृति समाप्त करने की लगातार अपील की जाती रही है, लेकिन वृंदावन में सामने आई यह तस्वीर उन दावों पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम जनता नियमों का पालन करने के लिए बाध्य है, तो जनप्रतिनिधियों और उनके काफिलों के लिए अलग व्यवस्था क्यों की जाती है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now