होटल के वॉशरूम में नाबालिग का वीडियो बना रहा था मालिक का बेटा, पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार

  • 3 days ago
  • 158 views


मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान मथुरा दर्शन के लिए आई एक नाबालिग किशोरी के साथ शर्मनाक घटना सामने आई है। भूतेश्वर तिराहे के पास स्थित 'साईं सेवा सदन' गेस्ट हाउस के वॉशरूम में नहाते समय होटल मालिक के बेटे ने रोशनदान में मोबाइल छिपाकर किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो बनाने की कोशिश की। जैसे ही किशोरी की नजर रोशनदान पर पड़ी, उसने तुरंत शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के मोबाइल की जांच में पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो मिलने के बाद गेस्ट हाउस में करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद उप-निरीक्षक संजीव कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार तड़के मथुरा जंक्शन रेलवे ब्रिज के पास से आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

एएसपी/सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित गेस्ट हाउस निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा था और उसका नक्शा भी एमवीडीए (MVDA) से स्वीकृत नहीं था। ऐसे में गेस्ट हाउस के खिलाफ भी सील करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि तीर्थ नगरी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 
 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now