हीट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट, विश्राम घाट पर नाविकों को बांटे गए ORS पैकेट

  • 2 days ago
  • 402 views


मथुरा में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। हीट वेव से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मथुरा के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल विश्राम घाट पर विशेष अभियान चलाकर नाविकों और आम लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय बताए गए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पूजा राणा ने विश्राम घाट पहुंचकर नाविकों से संवाद किया और उन्हें हीट वेव के खतरे तथा उससे बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, अधिक मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

इस दौरान लोगों को हल्के और सूती कपड़े पहनने, सिर को कपड़े या टोपी से ढकने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नाविकों को ओआरएस के पैकेट भी वितरित किए गए, ताकि डिहाइड्रेशन और लू जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सके।

प्रशासन की ओर से नाव संचालन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए भी नाविकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पूजा राणा ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान थोड़ी सी सावधानी लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ जरूरी व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित कर रहा है, ताकि आमजन को गर्मी और हीट वेव से राहत मिल सके।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now