ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का समापन, छात्राओं की कलाकृतियों ने मोहा मन

  • 6 days ago
  • 294 views


राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश, संस्कृति विभाग एवं किशोरी रमण महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का रंगारंग समापन हुआ। समापन समारोह में कला, संस्कृति और सृजनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रोफेसर सुनील विश्वकर्मा, महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर पल्लवी सिंह एवं संयोजिका डॉ. रश्मि शर्मा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत पटुका पहनाकर किया गया।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुनील विश्वकर्मा ने कहा कि कला एक कलाकार की आत्मा होती है और भारतीय लोक कला हमारी सांस्कृतिक चेतना की जीवंत पहचान है। उन्होंने कहा कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली संवेदनशील शक्ति भी है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर अभ्यास, सृजनशीलता और कला के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

संयोजिका एवं चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोर्ट्रेट, लैंडस्केप, कोलाज, लोककला, रंगोली कला और रंगों की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। छात्राओं की कलाकृतियों की अतिथियों ने जमकर सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now