रंगदारी नहीं दी तो घर में घुसकर हमला! मां की चेन और पत्नी का मंगलसूत्र...
- 4h ago
मथुरा जनपद के थाना रिफाइनरी पुलिस ने हाईटेक तरीके से डकैती करने वाले एक शातिर गैंग का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन 15, स्मार्ट वॉच, 3 लाख 70 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त हुंडई औरा कार संख्या RJ14 TG 2113 तथा एक चाकू बरामद किया है। यह पूरी वारदात ग्राइंडर ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर युवक को जाल में फंसाने और सुनसान स्थान पर ले जाकर डकैती करने की थी। थाना रिफाइनरी पुलिस ने सर्विलांस, मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राइंडर ऐप पर एक फर्जी आईडी बनाई और उसी के माध्यम से युवक यश से बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान आरोपियों ने यश को मिलने के लिए मथुरा जंक्शन बुलाया। पीड़ित युवक ट्रेन से मथुरा पहुंचा, जहां पहले से मौजूद दो आरोपी कार लेकर पहुंचे और उसे अपने साथ बैठाकर ले गए। रास्ते में उनके तीन अन्य साथी भी कार में बैठ गए और पांचों आरोपी युवक को लेकर मथुरा से आगरा की ओर निकल गए।
चलती कार में आरोपियों ने युवक को चाकू दिखाकर डराना शुरू कर दिया और उससे नकदी की मांग की। जब युवक के पास कैश नहीं मिला तो आरोपियों ने उसकी गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और उसका आईफोन 15 छीन लिया। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड पूछकर आरोपियों ने युवक के यूपीआई अकाउंट से करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। साथ ही उसकी स्मार्ट वॉच भी छीन ली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक को रिफाइनरी क्षेत्र के पास हाईवे पर उतारकर धौलपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रास्ते में आरोपियों द्वारा दो अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना रिफाइनरी में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और मुखबिर की सूचना पर दिनांक 21 मई 2026 को रेलवे स्टेशन रोड के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत पुत्र प्रेम सहाय, अभय पुत्र डालचंद, आसू पुत्र नृपेन्द्र सिंह, मोनू पुत्र माता प्रसाद और सुनिल पुत्र देवेन्द्र शामिल हैं। सभी आरोपी राजस्थान के धौलपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन 15, स्मार्ट वॉच, 3 लाख 70 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल हुंडई औरा कार तथा चाकू बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराओं और आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी भी की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सोशल ऐप्स पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और फिर सुनसान जगह पर बुलाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। थाना रिफाइनरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में एएसपी एवं थाना प्रभारी जयबिन्द कुमार गुप्ता समेत थाना रिफाइनरी और सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें
Breaking News और अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर