गंगा से यमुना तक गूंजा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का जयघोष, मथुरा में मोटरसाइकिल यात्रा का भव्य स्वागत

  • 9 days ago
  • 223 views


मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति और सनातन जागरण का संदेश लेकर निकली मोटरसाइकिल यात्रा का शनिवार को धर्मनगरी मथुरा में भव्य और जोशीला स्वागत किया गया। गंगा तट स्थित अत्रि ऋषि की तपोभूमि सिद्धबाबा धाम वनखंडेश्वरी महादेव मंदिर आश्रम रामघाट से शुरू हुई यह यात्रा छह जून को श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा पहुंची।

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में "श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति" और "सनातन धर्म की जय" के उद्घोष गूंजते रहे। इस यात्रा में सैकड़ों साधु-संतों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सनातन संस्कृति की रक्षा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का संकल्प लिया।

मथुरा पहुंचने पर कृष्णापुरी तिराहे पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने यात्रा में शामिल संतों और श्रद्धालुओं का माल्यार्पण एवं पटुका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

मोटरसाइकिल यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंची। इसके बाद सलेमपुर रोड स्थित केडीएस इंटरनेशनल स्कूल में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह यात्रा श्रीकांताचार्य रामानुज दास महाराज के सानिध्य में निकाली गई है। इसमें बिहार, बंगाल, उड़ीसा, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के श्रद्धालु शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के प्रति जनजागरण और हिंदू समाज को एकजुट करना है।

वहीं संत श्रीकांताचार्य महाराज ने कहा कि यह यात्रा सनातन धर्म, संस्कृति और भारतीय सभ्यता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देशभर के हिंदुओं को एक मंच पर लाने और धार्मिक चेतना जागृत करने का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

चिंतामणि कुंज वृंदावन के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद जी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के समर्थन में निकाली गई यह यात्रा भविष्य में एक ऐतिहासिक आंदोलन का आधार बनेगी और समाज में व्यापक जागरूकता पैदा करेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now