गंदगी और जलभराव से फूटा महिलाओं का गुस्सा, नारकीय जीवन जीने को मजबूर लक्ष्मी नगर के लोग

  • 11 days ago
  • 205 views


मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र स्थित लक्ष्मी नगर की अंबेडकर कॉलोनी में नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से गंदगी, जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या से जूझ रहे कॉलोनीवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा क्षेत्र में विकास कार्य के नाम पर घरों के सामने मिट्टी खोदकर छोड़ दी गई, लेकिन इसके बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजा यह है कि कॉलोनी में जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हल्की बारिश होते ही गलियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं।

महिलाओं ने बताया कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। गंदे पानी और कीचड़ से होकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं को घर से निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि टैक्स समय पर वसूला जाता है, लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी एकत्र हुए और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी, सफाई और सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे नगर निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि कॉलोनीवासियों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now