एकादशी की भीड़ में सक्रिय हुआ महिला चोर गैंग, मिनटों में उड़ाईं दो सोने की चेन

  • 1 day ago
  • 173 views


पुरुषोत्तम मास की कमला एकादशी पर वृंदावन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच महिला चोर गिरोह ने दो महिलाओं को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। केशीघाट क्षेत्र में कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो अलग-अलग महिलाओं के गले से सोने की चेन पार कर दी गईं।

घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पहली घटना में हाथरस से परिक्रमा करने आई श्रद्धालु शशि की करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी हो गई। वहीं दूसरी वारदात में स्थानीय निवासी उर्मिला को भीड़ में घेरकर महिला चोरों ने निशाना बनाया और उनकी चेन पार कर दी।

दोनों घटनाएं केशीघाट क्षेत्र में दर्शन-पूजन के दौरान हुईं, जहां एकादशी के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।

देवेंद्र सिंह के अनुसार पीड़ित महिलाओं की शिकायत और शक के आधार पर छह संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। हालांकि शुरुआती तलाशी में चोरी गई चेन बरामद नहीं हो सकी है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े बाकी लोगों की तलाश में जुटी है। वहीं एकादशी पर हुई इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में भी दहशत का माहौल है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now