ब्रज सिनेमा के कलाकारों ने दिखाया हुनर, ‘दो यार बड़े दिलदार’ फिल्म के लिए हुआ भव्य ऑडिशन

  • 2 days ago
  • 188 views


मथुरा। ब्रज सिनेमा की आगामी फिल्म ‘दो यार बड़े दिलदार’ के लिए आयोजित कलाकारों के ऑडिशन का भव्य समापन बैकुंठ गार्डन में हुआ। ऑडिशन में युवा और अनुभवी कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से निर्णायकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र की प्रतिभाओं का उत्साह और कला के प्रति समर्पण देखने को मिला।

ब्रज सिनेमा के वरिष्ठ निर्देशक मुनेंद्र परमार ने बताया कि यह फिल्म राधा रानी फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनाई जाएगी। फिल्म के लिए आयोजित ऑडिशन में करीब 45 कलाकारों ने हिस्सा लिया, जिनमें बाल कलाकारों से लेकर वरिष्ठ कलाकारों तक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने कॉमेडी, डांस, मॉडलिंग, ड्रामा, अभिनय, ताइक्वांडो और एक्शन जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और कई प्रतिभागियों ने अपने दमदार अभिनय से विशेष पहचान बनाई।

मुख्य चयनकर्ता के रूप में माधवी राठौर, जेश चौहान, डी.पी. सिंह एवं एक्शन डायरेक्टर गोविंद अग्रवाल मौजूद रहे। निर्णायकों ने कलाकारों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया और फिल्म के लिए उपयुक्त प्रतिभाओं का चयन किया।

कार्यक्रम के आयोजक अंश कुमार रहे, जो स्वयं ब्रज सिनेमा की कई फिल्मों में नायक की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी कला दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है।

ऑडिशन के सफल आयोजन के बाद कलाकारों में काफी उत्साह देखने को मिला। आयोजकों का मानना है कि यह फिल्म न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि ब्रज क्षेत्र की प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचाने का भी माध्यम बनेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now