ब्रज 84 कोस परिक्रमा में श्रद्धालु की मौत, नहर में नहाते समय आया हार्ट अटैक; पत्नी हुई बेसुध

  • 1 day ago
  • 235 views


मथुरा के मांट क्षेत्र में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान बुधवार सुबह एक श्रद्धालु की अचानक मौत से शोक की लहर दौड़ गई। बुलंदशहर से आए श्रद्धालु की नसिटी नहर में स्नान करते समय तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार बुलंदशहर जनपद के थाना ककोड़ क्षेत्र के गांव अरोड़ा निवासी 50 वर्षीय हरीश शर्मा अपनी पत्नी पूनम शर्मा और छोटे भाई की पत्नी लक्ष्मी देवी के साथ ब्रज 84 कोस परिक्रमा पर निकले थे। मंगलवार को उन्होंने बाजना क्षेत्र से परिक्रमा शुरू की थी।

बताया गया है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे परिक्रमा करते हुए श्रद्धालु थाना मांट क्षेत्र के नसिटी पहुंचे, जहां हरीश शर्मा स्नान के लिए नहर में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वह पानी में गिर पड़े।

मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी मांट पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी पूनम शर्मा अस्पताल परिसर में ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें संभाला।

घटना की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। परिक्रमा के दौरान हुई इस अचानक मौत से श्रद्धालुओं में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरीश शर्मा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ परिक्रमा कर रहे थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह यात्रा उनके जीवन की अंतिम यात्रा बन जाएगी।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now