भरतपुर गेट चौकी पर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण ढंग से बकरीद मनाने पर बनी सहमति

  • 9 days ago
  • 220 views


मथुरा में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर भरतपुर गेट पुलिस चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के लोगों ने आपसी सामंजस्य बनाए रखने पर जोर दिया।

कोतवाली क्षेत्र स्थित भरतपुर गेट पुलिस चौकी पर ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एएसपी आशना चौधरी, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र और सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुस्लिम समाज के लोगों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि मथुरा हमेशा से आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है, जहां सभी समाज के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं।

समाज के लोगों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। वहीं लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी अधिकारियों के सामने रखे।

पुलिस प्रशासन ने समाज के लोगों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि पूर्व में हुई कमियों को सुधारते हुए इस बार बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now