बेटी के लिए खाना लेने निकला था पिता, तेज रफ्तार वाहन ने छीना मासूम का आखिरी सहारा

  • 10 days ago
  • 294 views


एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक 7 साल की मासूम बच्ची की पूरी दुनिया उजाड़ कर रख दी। जिस पिता के सहारे वह अपनी जिंदगी बिता रही थी, वही पिता उसकी भूख मिटाने के लिए खाना लेने निकला और रास्ते में काल का ग्रास बन गया। अब उस मासूम के सिर से मां के बाद पिता का साया भी हमेशा के लिए उठ गया है।

अमर कॉलोनी निवासी संजय अपनी इकलौती बेटी के लिए ही जी रहे थे। कई वर्ष पहले उनकी पत्नी की आग से झुलसने के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद संजय ने अपनी छोटी बेटी को मां और पिता दोनों का प्यार देकर बड़ा करने की जिम्मेदारी उठाई थी। वह अपनी बेटी के लिए ही दिन-रात मेहनत करते थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात उनकी 7 वर्षीय बेटी ने खाना मांगा था। बेटी को भूखा न देखकर संजय पास के होटल से खाना पैक कराने गए। खाना लेकर जब वह पैदल घर लौट रहे थे और सड़क पार कर रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयावह था कि संजय कई फीट दूर जाकर गिरे और सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ से बेटी के लिए लाया गया खाना सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े।

परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के भाई बंटी, गोपाल और पड़ोसियों ने बताया कि संजय की पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी थी और अब उनकी इकलौती बेटी पूरी तरह बेसहारा हो गई है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल है कि आखिर अब उस मासूम बच्ची का भविष्य कौन संभालेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now