बाथरूम में फंदे पर लटकी मिली इंटर की छात्रा, मौत से परिवार में मचा कोहराम

  • 5 days ago
  • 460 views


महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के पिपरा माफ गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां इंटरमीडिएट की 18 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार पिपरा माफ गांव निवासी बालादीन अहिरवार की बेटी मनीषा इंटर की छात्रा थी। रोज की तरह वह घर के कामकाज में परिवार का हाथ बंटा रही थी। इसी दौरान वह नहाने की बात कहकर घर के बाथरूम में चली गई।

काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद जब परिवार के लोग बाथरूम के पास पहुंचे और दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए। छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ था।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के भाई महीपत अहिरवार ने बताया कि जब काफी देर तक बहन बाहर नहीं आई तो छोटे भाई ने जाकर देखा, जहां वह फांसी के फंदे पर लटकी मिली।

सूचना मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now